त्योहारी सीजन से पहले मसूरी में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, तीन नमूने लिए
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड, जिलाधिकारी देहरादून तथा सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित मानकों का जायजा लिया।
अभियान के दौरान टीम ने एक खुला बेसन, एक चाय और एक पनीर का नमूना लिया। सभी नमूनों को विधिवत सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर मिलावट और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।