सुनील सिलवाल लगातार तीसरी बार बने मसूरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष,सूरत सिंह रावत महामंत्री बने
1 min read
मसूरी। मसूरी प्रेस क्लब की वार्षिक आम सभा में आगामी दो वर्षों के लिए नई कार्यकारणी का निर्विरोध चुनाव किया गया। इसमें सुनील कुमार सिलवाल लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए, जबकि सूरत सिंह रावत को महासचिव और मोहसिन तन्हा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। आम सभा में वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों पर चर्चा के साथ आय-व्यय का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रेस क्लब सभागार में आयोजित आम सभा में अध्यक्ष सुनील सिलवाल ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए पिछले दो वर्षों में मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। महासचिव सूरत सिंह रावत ने क्लब की गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष मोहसिन अहमद ने आय-व्यय का ब्योरा सदन के समक्ष रखा। इसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इस दौरान सदस्यों ने गत कार्यकारणी के कार्यों की सराहना करते हुए अध्यक्ष सुनील सिलवाल को बधाई दी।
आम सभा के बाद आगामी दो वर्षों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई और पुरानी कार्यकारणी को भंग किया गया। चुनाव अधिकारी शूरवीर भंडारी की देखरेख में नई कार्यकारणी का सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनाव संपन्न हुआ। इसमें तान्या सैली को उपाध्यक्ष, नरेश नौटियाल को सहसचिव और हरीश कालरा को संयोजक चुना गया। वहीं बिजेंद्र पुंडीर, धर्मेंद्र धाकड़ और दीपक रावत को कार्यकारणी सदस्य बनाया गया।
तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर सुनील सिलवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सभी के सहयोग से प्रेस क्लब और उसके सदस्यों के हितों में निरंतर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर सूरत सिंह रावत, मोहसिन अहमद, बिजेंद्र पुंडीर, शूरवीर भंडारी, हरीश कालरा, डॉ. मनोज रयाल, दीपक रावत, नरेश नौटियाल, भानु काला, तान्या सैली, अमित गुप्ता, आशीष भट्ट, धर्मेंद्र सिंह, अजीत कुमार, दिनेश बडोनी, मोनिका मेहरा, अरविंद सेमवाल, मोहन कैंतुरा, शिव अरोड़ा और रजत एकांत सहित क्लब के सदस्य मौजूद रहे।
