November 19, 2026

News India Group

Daily News Of India

बाल शिक्षा सदन का 45वां वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

1 min read

मसूरी। बाल शिक्षा सदन मसूरी का 45वां वार्षिक उत्सव 18 नवंबर को हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक, आत्मविश्वास से भरी और रोमांचक प्रस्तुतियों से उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं ने कविताओं, शिक्षाप्रद कहानियों और रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय में वर्षभर आयोजित शैक्षणिक गतिविधियों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सिस्टर प्रेमा, सिस्टर फ्लोरेंस, अमित भट्ट, मेघा रावत, संगीता डोभाल, मनोज नौटियाल, वैशाली राणा और रजनी रावत ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। मैथिली शर्मा को बेस्ट डांसर, श्रीयांश सेमवाल को ऑलराउंडर स्टूडेंट और युविका गौड़ को बेस्ट स्टूडेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भारत भूषण ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की व्यस्त दिनचर्या में माता-पिता को अपने परिवार और बच्चों के लिए पर्याप्त समय निकालना बेहद जरूरी है। बच्चों की बात धैर्यपूर्वक सुनने के साथ ही परिवार में महिलाओं का सम्मान करने की भावना भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे मौखिक ज्ञान से अधिक अपने माता-पिता के व्यवहार और आचरण से सीखते हैं। इसलिए अभिभावकों को अपने व्यवहार के माध्यम से बच्चों के सामने अच्छे संस्कारों का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों और उपलब्धियों की अभिभावकों ने सराहना की। वार्षिक उत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का अवसर भी प्रदान किया।