October 16, 2026

News India Group

Daily News Of India

वीकेंड पर मसूरी और ऋषिकेश जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 17 से 19 अक्टूबर तक रहेगा डायवर्जन

1 min read

पर्यटकों की भीड़ बढ़ने पर लागू होंगे वैकल्पिक रूट, मसूरी में पार्किंग फुल होने पर किंग क्रेग और गज्जी बैंड से भेजे जाएंगे वाहन

मसूरी/देहरादून। वीकेंड पर मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून में पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 17 से 19 अक्टूबर तक लागू रहने वाले इस प्लान के तहत यातायात का दबाव बढ़ने पर विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। मसूरी में पार्किंग स्थलों की क्षमता के अनुसार प्लान ए, बी और सी के तहत वाहनों का संचालन होगा। वहीं, ऋषिकेश में भी यातायात का दबाव कम और अधिक होने की स्थिति के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, रुड़की, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से मसूरी आने वाले पर्यटकों के साथ ही ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।

मसूरी जाने के लिए दो वैकल्पिक रूट

उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की ओर से एक्सप्रेसवे के रास्ते डाटकाली पहुंचने वाले मसूरी जाने के वाहनों को सामान्य स्थिति में आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, सेंट ज्यूड चौक, कमला पैलेस, बल्लीवाला फ्लाईओवर, बल्लूपुर, कैंट तिराहा, सप्लाई डिपो, जोहड़ी तिराहा, पुरकुल गांव तिराहा और कुठालगेट होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।

वैकल्पिक मार्ग के रूप में ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा, लक्ष्मी धर्मकांटा तिराहा, सेंट ज्यूड चौक, कमला पैलेस, बल्लूपुर चौक, कैंट चौक, सर्किट हाउस तिराहा, बीजापुर गांव, किमाड़ी और हाथीपांव होते हुए भी मसूरी पहुंचा जा सकेगा। प्रेमनगर और बल्लूपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कैंट तिराहा, सप्लाई डिपो, किमाड़ी, लंबीधार, हाथीपांव और जीरो बैंड का मार्ग निर्धारित किया गया है।

चकराता जाने वाले वाहनों को डाटकाली, आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्ट नगर, जीएमएस रोड, सेंट ज्यूड चौक, नया गांव, सिंघनीवाला और न्यू देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर होते हुए लांघा रोड से चकराता भेजा जाएगा।

पार्किंग भरने पर बदलेगा प्लान

मसूरी में पर्यटक वाहनों के संचालन के लिए तीन चरणों में व्यवस्था की गई है। प्लान ए के तहत किंग क्रेग से लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की ओर यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा। मसूरी में उपलब्ध कुल पार्किंग क्षमता का 90 प्रतिशत उपयोग होने पर प्लान बी लागू होगा। इसके तहत पर्यटक वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और वहां से स्थानीय टैक्सियों के माध्यम से गंतव्य तक भेजा जाएगा।

किंग क्रेग पार्किंग भरने पर प्लान सी लागू किया जाएगा। इसमें गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए जीरो प्वाइंट की ओर वाहनों को डायवर्ट कर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।

मसूरी में पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड, कैंप्टी टैक्सी स्टैंड, टाउन हॉल के नीचे, किंग क्रेग, कंपनी गार्डन रोड, मैसानिक लॉज बस अड्डा, पिक्चर पैलेस टैक्सी स्टैंड, विकास होटल पार्किंग और गज्जी बैंड के सड़क किनारे निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा होटलों की उपलब्ध पार्किंग का भी उपयोग किया जाएगा।

ऋषिकेश जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग

हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को सामान्य स्थिति में सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी, नटराज चौक, ढालवाला चौकी, भद्रकाली, बाईपास रोड, तपोवन तिराहा, तपोवन चौकी, ब्रह्मपुरी और शिवपुरी होते हुए गंतव्य तक भेजा जाएगा। देहरादून से ऋषिकेश आने वाले वाहनों को नटराज चौक, ढालवाला, भद्रकाली और बाईपास रोड से तपोवन, ब्रह्मपुरी तथा शिवपुरी की ओर भेजा जाएगा।

यातायात का दबाव बढ़ने पर हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, लालतप्पड़, भानियावाला, रानीपोखरी, नटराज चौक, ढालवाला, भद्रकाली और बाईपास रोड होते हुए भेजा जाएगा। डोईवाला से आने वाले वाहनों के लिए मियांवाला, नत्थूवाला और पुलिया नंबर छह से वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

वीकेंड समाप्त होने के बाद पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले हरिद्वार जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को शिवपुरी, ब्रह्मपुरी तिराहा, गरुड़चट्टी, बाईपास रोड, पशुलोक बैराज और चीला होते हुए हरिद्वार भेजा जाएगा। ऋषिकेश और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को ब्रह्मपुरी, तपोवन चौकी, तपोवन तिराहा, बाईपास रोड, भद्रकाली, ढालवाला और नटराज चौक से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

यातायात का अत्यधिक दबाव होने पर भारी वाहनों को नेपाली फार्म से देहरादून की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऋषिकेश में रात के समय नो-एंट्री खुलने के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम तिराहे तक हरिद्वार रोड पर ऑटो और विक्रम के लिए जीरो जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ऑटो और विक्रम सवारी उतारने या बैठाने के लिए नहीं रुक सकेंगे।

ढालवाला और आईएसबीटी की पार्किंग भरने पर वाहनों को आईडीपीएल स्थित अस्थायी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद छोटे वाहनों से निर्धारित मार्गों के जरिए यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।

शहर में भीड़ बढ़ने पर होगा डायवर्जन

देहरादून में पेसिफिक मॉल के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर मसूरी डायवर्जन से दिलाराम जाने वाले वाहनों को इंद्रबाबा मार्ग, कैनाल रोड और ग्रेट वैल्यू तिराहे से भेजा जाएगा। सेंट्रियो मॉल के आसपास दबाव बढ़ने पर एनेक्सी तिराहे से सीएसडी तिराहा और बिंदाल होते हुए यातायात संचालित किया जाएगा।

सहस्त्रधारा क्षेत्र में भीड़ बढ़ने पर मार्केट से बैरियर लगाकर वाहनों को मालदेवता रोड की ओर भेजा जाएगा। गुच्चुपानी तिराहे पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में वाहनों को सप्लाई चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

देहरादून में रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, एमडीडीए पार्किंग, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स और जनपथ कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने पर क्रेन से वाहन टो करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों को अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने, धैर्य बनाए रखने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन सेवा वाहनों को नहीं रोका जाएगा और न ही डायवर्ट किया जाएगा। पेट्रोल, दूध और गैस जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से मार्गों पर लगाए गए सूचना बोर्डों का पालन करने तथा यातायात संबंधी ताजा जानकारी के लिए देहरादून पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पेज देखने की अपील की गई है।

You may have missed