November 11, 2026

News India Group

Daily News Of India

भैयादूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर सजाया तिलक, उपहार देकर भाइयों ने जताया बहनों के प्रति स्नेह

1 min read

मसूरी। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम और विश्वास को और मजबूत करने वाला भैयादूज का पर्व मसूरी में परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें नारियल व मिठाई भेंट की। इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों की सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

भैयादूज के अवसर पर भाई-बहनों ने एक-दूसरे के साथ समय बिताकर इस रिश्ते की मिठास को साझा किया। घरों में पारंपरिक पकवान और मिठाइयां बनाई गईं। बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनका स्वागत किया तो भाइयों ने भी उन्हें उपहार भेंट कर खुशियां बांटीं। पर्व के दौरान एक भाई ने अपनी बहन को उपहार के रूप में पौधा भेंट किया। इस पहल के माध्यम से उसने भाई-बहन के प्रेम के साथ ही प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

भारतीय परंपरा में भैयादूज को भाई-बहन के स्नेह और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व दीपावली के दो दिन बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और मंगलमय जीवन की कामना करती हैं। बदले में भाई बहनों को उपहार देते हैं और उनकी रक्षा तथा सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लेते हैं।

पौराणिक कथा के अनुसार, भैयादूज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि यमुना के बार-बार निमंत्रण देने पर एक दिन यमराज उनके घर पहुंचे। बहन यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और माथे पर तिलक लगाकर भोजन कराया। बहन के प्रेम और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन से तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा। इसी मान्यता के चलते इस दिन को यम द्वितीया भी कहा जाता है।

भैयादूज का पर्व केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच आपसी सम्मान, जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव को भी दर्शाता है। बदलते समय के साथ उपहार देने के तरीकों में बदलाव आया है, लेकिन इस पर्व के पीछे छिपा प्रेम और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का भाव आज भी कायम है।