क्षतिग्रस्त सड़क के पास 200 मीटर गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, कार सड़क किनारे खड़ी मिली
1 min read
- मसूरी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर मंगलवार सुबह पंचायती कैफे के पास सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में नदी के समीप एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। मृतक की पहचान देहरादून निवासी व्यापारी अजय कुमार कोहली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे प्रवीण निवासी मैगी प्वाइंट ने सूचना दी कि पंचायती कैफे के पास, सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नजदीक एक कार खड़ी है। कार से करीब 200 मीटर नीचे खाई में नदी के पास एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार अजय कुमार मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे।
पुलिस ने बताया कि कार के अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। शव अत्यधिक गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर फील्ड यूनिट और 108 एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की ओर से अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
