August 25, 2026

News India Group

Daily News Of India

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए निर्देश, सभी स्थानीय निकायों विशेषकर नगर निगम और नगर पालिकाओं के आसपास कांजी हाउस बनाए जाएं।

देहरादून : मंगलवार को मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में पशुपालन विभाग के साथ गोवंश और कांजी हाउस के सम्बन्ध में बैठक ली। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्थानीय निकायों विशेषकर नगर निगम और नगर पालिकाओं के आसपास कांजी हाउस बनाए जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि गोवंश की देखभाल एवं कांजी हाउस हेतु नीति तैयार की जाए। साथ ही, त्यागे गए गोवंशों को इसमें शामिल करते हुए कांजी हाउस तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व से संचालित हो रहे कांजी हाउसों के विस्तारीकरण की संभावनाओं को तलाशा जाए। इसके साथ ही स्वयं सेवकों, एनजीओ एवं व्यक्तिगत रूप से संचालित किए जा रहे कांजी हाउसों को भी विस्तारित किया जा सकता है, जिसके लिए सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि शहरी विकास विभाग को शामिल कर इसके लिए प्लान तैयार किया जाए। इस प्रकार के कांजी हाउस संचालित करने वालों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझने एवं निराकरण करने के प्रयास किए जाएं, साथ ही उनसे सुझाव भी लिए जाएं। मुख्य सचिव ने इस दिशा में कम्युनिटी पार्टिसिपेशन पर फोकस किए जाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्धनएवं सचिव वी वी आर सी पुरुषोत्तम सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।