उभरते सितारे में निर्मला इंटर कॉलेज का दबदबा
1 min read
मसूरी। रोटरी क्लब मसूरी की ओर से मसूरी पब्लिक स्कूल के सभागार में अंतरविद्यालयी प्रतिभा प्रतियोगिता ‘उभरते सितारे 2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मसूरी के नौ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने समूह गायन और समूह नृत्य में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण और देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में समूह गायन में निर्मला इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान हासिल किया। महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर प्रथम उपविजेता और आरएन भार्गव इंटर कॉलेज द्वितीय उपविजेता रहा। समूह नृत्य में भी निर्मला इंटर कॉलेज ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज प्रथम उपविजेता और सेंट लॉरेंस स्कूल द्वितीय उपविजेता रहा।
ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर भानू जैन स्मृति ट्रॉफी भी निर्मला इंटर कॉलेज के नाम रही। एनके जैन स्मृति ट्रॉफी मसूरी गर्ल्स स्कूल तथा नीरज गुप्ता स्मृति ट्रॉफी अटल उत्कर्ष घनानंद इंटर कॉलेज को प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि प्रिया सिंह और विशिष्ट अतिथि मसूरी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विशाल सिंह रहे। निर्णायक मंडल में शिवाजी गायकवाड़, इवान जोसेफ और किरण त्रिपाठी शामिल रहे। प्रस्तुतियों का स्तर बेहतर होने के कारण निर्णायकों के लिए विजेताओं का चयन चुनौतीपूर्ण रहा।
रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन शालभ गर्ग और नूपुर करनवाल कैंतूरा ने किया। रजत अग्रवाल ने परिणामों की घोषणा की, जबकि योगिता गोयल ने अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. डीके जैन, विनेश सांघल, मनमोहन करनवाल, शैलेंद्र करनवाल, विपुल मित्तल, संजय जैन, फिरोज अली, टीएस मंछंदा सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
