दक्ष पंवार को एनएसयूआई नगर की कमान, सूरज रावत बने चुनाव प्रभारी
1 min read
मसूरी। छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों के बीच एनएसयूआई ने संगठन को मजबूत करने के लिए मसूरी में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ऋषभ चौहान ने दक्ष पंवार को मसूरी नगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं एमपीजी कॉलेज में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए सूरज रावत को चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
जिलाध्यक्ष ऋषभ चौहान ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि संगठन को नगर और महाविद्यालय स्तर पर मजबूत करने के साथ छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर संगठन की गतिविधियां तेज की जाएंगी और छात्रों के बीच एनएसयूआई की सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर दक्ष पंवार ने कहा कि वह मसूरी में संगठन को मजबूत करने के साथ अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को एनएसयूआई से जोड़ने का प्रयास करेंगे। वहीं सूरज रावत महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
ऋषभ चौहान ने दोनों पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और संगठन की नीतियों के अनुरूप सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी मजबूती से आवाज उठाएगी।
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव जगपाल गुसाईं ने दक्ष पंवार और सूरज रावत को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों पदाधिकारियों के नेतृत्व में मसूरी में एनएसयूआई को और मजबूती मिलेगी तथा कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में संगठन को इसका लाभ मिलेगा।
