October 26, 2026

News India Group

Daily News Of India

मसूरी में होटल मैनेजमेंट और व्यावसायिक शिक्षा के संस्थान खोलने की जरूरत: वरुण भंडारी

1 min read
कहा- युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा के लिए नहीं जाना पड़े बाहर, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर भी दिया जोर

मसूरी। भाजपा विदेशी मामलों के विभाग के राज्य संयोजक वरुण राज सिंह भंडारी ने कहा कि मसूरी जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए। शहर में होटल मैनेजमेंट सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाने चाहिए, ताकि स्थानीय युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। उन्होंने मसूरी की यातायात व्यवस्था सुधारने, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने और युवाओं के लिए करियर काउंसिलिंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

कैमल बैक रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के विदेशी मामलों के विभाग के राज्य संयोजक वरुण राज सिंह भंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को लेकर तेजी से काम कर रही है। युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर भी युवाओं के भविष्य और रोजगार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

होटल मैनेजमेंट और व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की जरूरत

भंडारी ने कहा कि मसूरी में सैकड़ों होटल हैं और पर्यटन यहां की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। ऐसे में शहर में होटल मैनेजमेंट सहित पर्यटन से जुड़े अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाने चाहिए। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा मिल सकेगी और उन्हें प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार युवाओं के रोजगार एवं कौशल विकास के लिए प्रयास कर रही हैं, लेकिन मसूरी जैसे पर्यटन केंद्र में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप शिक्षा की व्यवस्था जरूरी है।

दसवीं के मेधावी छात्रों की हो करियर काउंसिलिंग

उन्होंने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए करियर काउंसिलिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। विशेषकर दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और करियर के विकल्पों के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए, जिससे वे अपने भविष्य के लिए बेहतर निर्णय ले सकें। उन्होंने युवाओं के लिए डेटा सेंटर स्थापित करने की जरूरत भी बताई, ताकि उन्हें आधुनिक तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिल सकें।

देहरादून-मसूरी मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

भंडारी ने मसूरी की यातायात व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि पहले देहरादून से मसूरी पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगता था, लेकिन अब कई बार तीन से चार घंटे लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी होने के कारण यहां की सड़कों और ट्रैफिक प्लान को व्यवस्थित करना जरूरी है। स्मार्ट सिटी की बात तभी सार्थक होगी, जब शहर की व्यवस्थाएं भी स्मार्ट हों और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी यातायात संबंधी परेशानियों से राहत मिले।

युवाओं को सक्रिय राजनीति में आगे आने का आह्वान

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं को सक्रिय राजनीति में आगे आने का संदेश दे रहे हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका वाला क्षेत्र है और यहां के युवाओं को भी आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

मिशन 2027 के साथ युवाओं के भविष्य पर भी हो चर्चा

भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर काम कर रहे हैं, जबकि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में कुछ लोग मिशन 2027 के पोस्टर लेकर घूम रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनावी लक्ष्यों पर ध्यान देने के साथ युवाओं के भविष्य और कल्याण के लिए भी स्पष्ट दृष्टि होनी चाहिए। भारत युवाओं का देश है और उनके हितों, रोजगार, शिक्षा तथा कौशल विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को युवाओं के लिए ठोस योजनाओं और दीर्घकालिक विजन के साथ काम करना चाहिए।

You may have missed