October 27, 2026

News India Group

Daily News Of India

मसूरी में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी से निकलने वाली दुर्गंध से लोग परेशान, सभासदों ने दिया धरना

1 min read

मसूरी। एनएच-707ए टिहरी बाईपास रोड स्थित नगर पालिका के मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी से कूड़ा नहीं उठाए जाने से क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या गंभीर होती जा रही है। इससे परेशान स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। दुर्गंध के कारण लोगों को आवाजाही में भी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में फैल रही दुर्गंध से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्रीय सभासद बबीता मल्ल के नेतृत्व में सभासदों और स्थानीय लोगों ने डंपिंग जोन में धरना-प्रदर्शन किया।

धरने में सभासद बबिता मल्ल, सचिन गुहेर, सामाजिक कार्यकर्ता गौरव गुप्ता और नरेश प्रताप मल्ल सहित क्षेत्र की महिलाएं और स्थानीय निवासी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन और कूड़ा प्रबंधन का कार्य कर रही कार्यदायी संस्था लॉर्ड शिवा के खिलाफ नाराजगी जताई तथा समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

धरने का समर्थन करने पहुंचे सभासद सचिन गुहेर ने कहा कि यह नगर पालिका प्रशासन की कमी है। यदि अधिशासी अधिकारी देहरादून में बैठने के बजाय मौके पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें, तो समस्या इतनी नहीं बढ़ेगी। उन्होंने डंपिंग जोन में गीले कूड़े के बिकने पर भी सवाल उठाते हुए इसे लूट बताया।
समाजिक कार्यकर्ता गौरव गुप्ता ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या जायज है। यहां कूड़ा सड़ने के कारण रहना मुश्किल हो गया है और स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका ने कूड़ा प्रबंधन का कार्य जिस लॉर्ड शिवा कंपनी को दिया है, वह व्यवस्था संभालने में विफल रही है। उन्होंने पुरानी संस्था कीन के कार्यों को बेहतर बताते हुए लॉर्ड शिवा कंपनी का टेंडर निरस्त कर किसी सक्षम संस्था को जिम्मेदारी सौंपने की मांग की।

दुर्गंध लंढौर तक पहुंचने का दावा
सामाजिक कार्यकर्ता नरेश प्रताप मल्ल ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से परेशान हैं और लगातार फोन कर समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा है। उन्होंने बायोमेथेन प्लांट की खराब स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि प्लांट खराब है तो उसमें सरकारी धन क्यों लगाया जा रहा है। उन्होंने प्लांट के आपदा में खराब होने के दावे का भी जिक्र किया और नगर पालिका में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। जनप्रतिनिधि नरेश प्रताप मल्ल ने दावा किया कि कूड़े की दुर्गंध लंढौर तक पहुंच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था पुराने कर्मचारियों को हटाकर बाहरी कर्मचारियों को ला रही है। उनके अनुसार, पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से शिकायत करने के बावजूद लोगों को केवल आश्वासन मिल रहे हैं। पालिका ईओ ने शीघ्र कूड़ा निस्तारण का आश्वासन दिया है। इसके बाद धरना समाप्त किया । इस अवसर पर सभासद बबीता मल्ल, सभासद सचिन गुहेर, गौरव गुप्ता, नरेश प्रताप मल्ल, पिंकी पंवार सहित स्थानीय महिलाएं और अन्य निवासी मौजूद रहे।

More Stories

You may have missed