क्यारकुली भट्टा क्षेत्र पंचायत उपचुनाव में मोनिका ने दाखिल किया नामांकन
मसूरी। क्यारकुली भट्टा क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव को लेकर बुधवार को मोनिका ने ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत और 12 से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया।
क्यारकुली भट्टा सीट से इससे पहले सृष्टि रावत क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई थीं। स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयन होने के बाद उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद रिक्त हुई सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है। सृष्टि रावत के पति एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष रावत ने अपने छोटे भाई की पत्नी मोनिका को चुनाव मैदान में उतारा है।
नामांकन के दौरान आशीष रावत ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उनकी पत्नी सृष्टि रावत को 257 मतों के ऐतिहासिक अंतर से जीत दिलाई थी। इसके लिए वह क्षेत्रवासियों के आजीवन आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग के साथ मोनिका भी क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का प्रयास करेंगी।
नामांकन के दौरान जिला पंचायत सदस्य गोविन्द पुंडीर, आशीष रावत, संजय रावत, पूर्व उपप्रधान जितेन्द्र जदवाण, टैक्सी यूनियन सचिव राकेश कोटाल, रिंकू थापली, वीरेंद्र थापली, मदन कोटाल, वीरेन्द्र जदवाण, भीम कोटाल, नितिन रावत समेत अन्य समर्थक मौजूद रहे।