September 30, 2026

News India Group

Daily News Of India

एमपीजी कॉलेज के नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को गणेश जोशी ने दी बधाई

1 min read

मसूरी। एमपीजी कॉलेज मसूरी के छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी के प्रत्याशियों की जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने बुधवार को देहरादून में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात की। मंत्री ने छात्रसंघ अध्यक्ष विधांत थापली, महासचिव आशुतोष जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि करिश्मा डुमोगा को जीत की बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

गणेश जोशी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में मिली जीत विद्यार्थियों के विश्वास के साथ ही संगठन के प्रति मिली नई जिम्मेदारी का भी संकेत है। उन्होंने छात्रसंघ पदाधिकारियों से कॉलेज के विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक और रचनात्मक माहौल बनाने में छात्रसंघ की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं को शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी सभी छात्र-छात्राओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए कॉलेज हित में कार्य करेंगे।

इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश रावत समेत एबीवीपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You may have missed