October 2, 2026

News India Group

Daily News Of India

द्रोणाचार्य अवार्डी सुभाष राणा बने पीईएफआई की राष्ट्रीय संचालन समिति के सलाहकार

नई दिल्ली। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के जौनपुर ब्लॉक के ग्राम चिलामु निवासी और भारतीय पैरा शूटिंग टीम के मुख्य प्रशिक्षक एवं द्रोणाचार्य अवार्डी सुभाष राणा को फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीईएफआई) की राष्ट्रीय संचालन समिति में सलाहकार नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से उत्तराखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है।

नई दिल्ली स्थित पीईएफआई के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय सचिव प्रोफेसर डॉ. पीयूष जैन ने सुभाष राणा को नई जिम्मेदारी का आधिकारिक कार्यभार सौंपा। इस दौरान डॉ. पवन कुमार रोहिला, वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, नई दिल्ली और पीईएफआई के मीडिया प्रमुख दिनेश गौर भी मौजूद रहे।

पैरा शूटिंग के क्षेत्र में सुभाष राणा ने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक दिलाने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया है। वह युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार कार्य कर रहे हैं। नई जिम्मेदारी मिलने से शारीरिक शिक्षा, खेल संस्कृति और विशेष रूप से पैरा खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।

पीईएफआई देश में शारीरिक शिक्षा और खेलों के विकास तथा खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए कार्य करता है। संगठन विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में खेलों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को शारीरिक शिक्षा शिक्षक, प्रशिक्षक, खेलकर्मी और खेल अधिकारी के रूप में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराता है।

नई जिम्मेदारी पर सुभाष राणा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। वह देश में शारीरिक शिक्षा को मजबूत करने और पैरा खिलाड़ियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अपने अनुभव का पूरा योगदान देंगे।

You may have missed