September 12, 2026

News India Group

Daily News Of India

इन्द्रपाल सिंह कोहली हिमालयन रिसर्च सेंटर के सचिव एवं समन्वयक नियुक्त

1 min read

देहरादून। हिमालय क्षेत्र से जुड़े सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय और नीतिगत मुद्दों पर शोध एवं संवाद को गति देने के लिए सिद्धि फाउंडेशन ने नई पहल शुरू की है। फाउंडेशन ने अपने नवस्थापित हिमालयन रिसर्च सेंटर के सचिव एवं समन्वयक पद पर इन्द्रपाल सिंह कोहली को नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 10 सितंबर 2026 से प्रभावी हो गई है।

यह नियुक्ति सिद्धि फाउंडेशन के निदेशक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने की है। हिमालयन रिसर्च सेंटर का उद्देश्य हिमालय क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों और संभावनाओं को लेकर शोध, नीति संवाद, संस्थागत सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है।

सेंटर के कार्यक्षेत्र में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश समेत व्यापक हिमालयी क्षेत्र को शामिल किया गया है। यहां सामाजिक एवं आर्थिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा, आजीविका, विकास और नीतिगत विषयों पर अध्ययन एवं संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।

सचिव एवं समन्वयक के रूप में कोहली अनुसंधान गतिविधियों के समन्वय, परियोजनाओं के क्रियान्वयन, दस्तावेजीकरण और प्रशासनिक कार्यों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, वित्तीय सहयोगी एजेंसियों और अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि कोहली का सामाजिक क्षेत्र से जुड़ा अनुभव और विभिन्न संस्थाओं के साथ उनका व्यापक संपर्क हिमालयन रिसर्च सेंटर के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

नियुक्ति पर आभार जताते हुए इन्द्रपाल सिंह कोहली ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ हिमालय क्षेत्र के लोगों, युवाओं और समग्र विकास के लिए और अधिक समर्पण से काम करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सेंटर को ज्ञान, अनुसंधान और नीति संवाद का प्रभावी मंच बनाने का प्रयास किया जाएगा, जहां विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय हितधारकों के बीच सार्थक संवाद हो सके।

सिद्धि फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अनुसंधान और नीतिगत सोच को जमीनी विकास से जोड़ते हुए एक सशक्त, समावेशी, पर्यावरण-संवेदनशील और आत्मनिर्भर हिमालय के निर्माण में योगदान देना है।

You may have missed