November 4, 2026

News India Group

Daily News Of India

पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी के खिलाफ दी तहरीर, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप

1 min read

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जॉर्ज एवरेस्ट जा रहे थे कांग्रेस कार्यकर्ता, रास्ते में काले झंडे दिखाने के दौरान हुआ था विवाद

मसूरी। जॉर्ज एवरेस्ट में चल रहे भूमि बचाओ आंदोलन में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और उनके अन्य साथियों पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

कोतवाली में दी गई शिकायत में अनुज गुप्ता ने बताया कि 4 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता जॉर्ज एवरेस्ट में चल रहे भूमि बचाओ आंदोलन में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और उनके साथ मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट और गाली-गलौज की गई।

अनुज गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि मारपीट की घटना में कांग्रेस के विधानसभा प्रभारी अमरेंद्र बिष्ट को भी चोटें आई हैं, जबकि उन्हें भी चोट पहुंचाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से उन्हें जान-माल का खतरा बना हुआ है और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही उन्हें आशंका है कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा सकता है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष ने पुलिस से नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल और मारपीट में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

More Stories

You may have missed