August 23, 2026

News India Group

Daily News Of India

मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 21 बुलेट और काली फिल्म लगी तीन गाड़ियां सीज

देहरादून। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। क्लेमेनटाउन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 21 रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलों तथा शीशों पर काली फिल्म लगी तीन थार और स्कॉर्पियो वाहनों को सीज किया है। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, क्लेमेनटाउन क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि निजी विश्वविद्यालय के कुछ छात्र और अन्य लोग बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर क्षेत्र की सड़कों और गलियों में तेज आवाज के साथ वाहन चला रहे हैं। इन साइलेंसरों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकलने के कारण बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और बीमार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायतों का संज्ञान लेते हुए क्लेमेनटाउन पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 24 घंटे तक चले अभियान के दौरान 21 मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों और काली फिल्म लगे तीन थार व स्कॉर्पियो वाहनों को सीज किया गया। पुलिस के मुताबिक सीज किए गए अधिकांश वाहन निजी विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे थे।

पुलिस ने संबंधित विश्वविद्यालय को भी पत्र भेजकर छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से भी मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों के उल्लंघन और ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।