स्वच्छता की सीख से स्वस्थ भविष्य की ओर बढ़े विद्यार्थी।
1 min read

मसूरी। लक्ष्मी देवी अकादमी (एलडीए) में शनिवार को हिमालयन हेरिटेज सोसाइटी के सहयोग से स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ‘स्वच्छता के सिपाही’ पुस्तक के लेखक इंजीनियर ललित शौर्य द्वारा स्वच्छता एवं जागरूकता से संबंधित पुस्तकों का विमोचन एवं विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता एवं क्षेत्रीय पार्षद कमली भट्ट ने किया।
इस अवसर पर कमली भट्ट ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी दैनिक आदतों और सामाजिक जिम्मेदारी का भी हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कूड़ा हमेशा डस्टबिन में डालने, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों को वितरित पुस्तकों में स्वच्छता से जुड़ी प्रेरक कहानियां, कविताएं और रोचक रचनाएं शामिल हैं। इन पुस्तकों के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी देने का प्रयास किया गया है।
कमली भट्ट ने कहा कि बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वच्छता की अच्छी आदतें विकसित करना स्वच्छ और स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। बच्चे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित कर सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक बेनी प्रसाद भट्ट, प्रधानाध्यापिका मंजू मौर्य, अध्यापिका सुनीता राणा, शशि राणा, आशा डबराल, निकिता जोशी, अनिरुद्ध भट्ट, दिवाकर नौटियाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
