April 16, 2024

News India Group

Daily News Of India

आगामी चार धाम यात्रा को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों की बैठक, व्यवस्थाओं को चाकचौबदं करने के दिये जरूरी निर्देश।

1 min read

अरविन्द थपलियाल

उत्तरकाशी : जनपद में आगामी 3 मई से प्रारम्भ होने जा रही चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर नवागन्तुक जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने कलेक्ट्रेट स्थित जिला सभागार में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सड़क सुरक्षात्मक कार्य, पेयजल, शौचालय, विद्युत, साफ सफाई, पार्किंग आदि व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा बहुत नजदीक है लिहाजा सभी आवश्यक गतिमान कार्यों को आगामी 30 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाय। उन्होंने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हो रहे गड्ढे भरान कार्य व अन्य सड़क सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सड़क मार्ग पर गड्ढे भरान कार्य, मलबा हटाने का कार्य व संकरे मार्ग पर पैराफिट व अन्य सुरक्षात्मक कार्य हर हाल में 30 अप्रैल तक पूर्ण कर लिये जाये। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिये कि सड़क मार्ग पर प्रत्येक संकरे जोन पर मेनपॉवर की तैनाती की जाय इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था बनाये रखने हेतु भी प्रत्येक पार्किंग स्थल पर भी मेनपॉवर की तैनाती सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने शौचालय स्थापना कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि यात्रा मार्ग पर स्थापित शौचालयों में सफाई व्यवस्था बनी रहे इस हेतु प्रत्येक शौचालय में सफाई कर्मी की तैनाती की जाय। उन्होंने यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित राड़ी टॉप भी शौचालय व्यवस्था किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। यमुनोत्री मन्दिर पैदल मार्ग पर चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु ईई विद्युत को विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था बनाये रखने के भी निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने डीएफओ बड़कोट को यमुनोत्री वैकल्पिक पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए अस्थाई पार्किंग बनाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देश दिये कि यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर शौचालय, सफाई व्यवस्था व घोड़ा-खच्चर आदि सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाय। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि जनपद में यात्रा सीजन में डीजल, पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक रखा जाय तथा मांग बढ़ने की स्थिति में आपूर्ति व्यवस्था हेतु प्लानिंग बनाकर रखी जाय। सभी हाटलों में रेट लिस्ट चस्पा हो इसका निरीक्षण कर लिया जाय। उन्होंने जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य सामग्रियों की जांच हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारघाम यात्रा के दृष्टिगत पूर्ण व गतिमान कार्यों की रिपोर्ट तत्काल जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही गतिमान कार्यों की प्रति दिन की प्रगति वाट्स अप ग्रुप में प्रेषित करें। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत यात्रा व्यवस्थाओं का लगातार स्थलीय निरीक्षण करते रहें तथा यदि किसी विभाग को सहयोग की आवश्यकता हो तो यथासम्भव सहयोग प्रदान करना सुनिश्चित करें।


बैठक में डीएफओ पुनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, सोहन सिंह, मीनाक्षी पटवाल व शालिनी नेगी, बीजारओ से एसई राजेश राय, जिला पूर्ति अधिकारी सन्तोष भट्ट, ईई बड़कोट राजेश पंत आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *