May 19, 2024

News India Group

Daily News Of India

देवभूमि की जनता आगामी चुनाव में केजरीवाल को वापस दिल्ली भेज देगी – कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

1 min read

देहरादून : कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने सोमवार को कुलड़ी, मसूरी स्थित राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में मसूरी मंडल कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में मंडल के विकास कार्यों की चर्चा की और आगामी चुनाव की रूपरेखा तैयार की।
भारत माता की जय के उदघोष के साथ बैठक में मौजूद भाजपा पदाधिकारियो को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जब से प्रदेश और केंद्र के अंदर भाजपा की सरकार आई है, देश नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान से बढ़कर कुछ नहीं है और प्रदेश तथा केंद्र सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने मात्र 15 दिन में ही लोगों के लिए इतना काम कर दिया है कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने 24 हज़ार लोगों को रोजगार देने का सराहनीय काम करने जा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते हुए बताया कि सरकार ने सैनिकों के आश्रितों के लिए मानदेय को 50000 से बड़ाकर 1 लाख किया है, विभिन्न मुद्दों को लेकर डॉक्टरों की मांगे पूरी की गई हैं, दूसरे विश्व युद्ध के सैनिकों की पेंशन को 10000 तक बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अशिक्षित वर्ग के लिए जन धन योजना, स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना, युवाओं के लिए स्टार्टअप योजना और कौशल विकास योजना, माताओं और बहनों के लिए उज्जवला योजना , गरीब लोगो के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, कोरोना काल के दौरान मुफ्त राशन वितरण , पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन, भाजपा सरकार की अन्य योजनाओं की सफलता को कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा।
साथ ही उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र मसूरी में उनके द्वारा 29 हज़ार लोगों को मुफ्त राशन बांटा गया है, आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई है और मसूरी में 200 अतिरिक्त बेड की भी व्यवस्था की गई है, जिससे कि कोरोना की तीसरी लहर से जनता को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बताया की मसूरी में पेयजल की समस्या को देखते हुए उनके द्वारा 144 करोड़ की लागत से यमुना का जल मसूरी छेत्र के लोगो तक पहुंचाया जाएगा और 700 करोड़ की लागत से नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा जिससे स्थानीय निवासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद करते हुए कहा कि जब देश कोरोना की दूसरी लहर से जूझ रहा था और विपक्ष अपने बिलों में छुप कर बैठा हुआ था, उस विषम दौर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर उनकी सेवा की।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गांधी परिवार फैसले लेता है , समाजवादी पार्टी में यादव परिवार का दबदबा है लेकिन भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां पार्टी के फैसले लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत लिए जाते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सेना की वीरता पर सवाल उठाने वाले केजरीवाल के पास भले ही एक कर्नल हो मगर भाजपा के पास ऐसे सैकड़ों सैनिक है और देवभूमि की जनता आगामी चुनाव में केजरीवाल को वापस दिल्ली भेज देगी।

उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि आगामी 2022 चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार की 5-5 योजनाओं और सफलताओं को जनता तक पहुंचाएं तथा जनता को टीकाकरण के लिए जागरूक करें। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर आप जनता को भगवान और पार्टी के सदस्यों को परिवार मानेंगे तो कोई आपकी सफलता को रोक नहीं सकता, आपका मुख्य मजबूत है , आप गर्व के साथ जनता के बीच जाएंगे।


इस अवसर पर बैठक में मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, मंडल प्रभारी संजीव व्यास , मुख्य वक्ता संजय सैनी , मंडल महामंत्री कुशाल सिंह राणा, मंडल महामंत्री नारायण सिंह राणा, सभी सभासद, वार्ड अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित भाजपा के मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *