August 27, 2026

News India Group

Daily News Of India

हरिद्वार में बड़ा हादसा, फाइव स्टार होटल निर्माण के लिए मार्बल उतारते समय दो लोग दबे, हालत गंभीर

1 min read

फाइव स्टार होटल निर्माण के लिए लाए गए मार्बल को ट्रक से उतारते समय ठेकेदार और एक मजदूर घायल हो गए

रिद्वार: हरिद्वार में एक बड़ा हादसा हो गया है. एक फाइव स्टार होटल निर्माण के लिए लाए गए मार्बल के पत्थरों को खाली करते समय अचानक पत्थर खिसक गए. पत्थरों की चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए. इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों मजदूरों को पत्थरों के बीच से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया.

हरिद्वार में मार्बल के पत्थर उतारते समय हादसा: जानकारी के अनुसार, हरिद्वार में पीलीभीत हाउस होटल निर्माण कार्य के लिए राजस्थान से पत्थरों से भरी गाड़ी लाई गई थी. रात के वक्त मजदूर गाड़ी से पत्थर खाली करने का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया. वहां काम कर रहा एक मजदूर और ठेकेदार इसकी चपेट में आ गए. हादसा होते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई.

मजदूर और ठेकेदार पत्थरों के नीचे दबे: बताया गया कि एक मजदूर को पत्थरों के नीचे दबा देखकर ठेकेदार ने उसे बचाने का प्रयास किया. इसी दौरान वह भी खिसक रहे पत्थरों की चपेट में आ गया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. कुछ ही देर में टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया.

मार्बल पत्थरों से दबकर दोनों गंभीर घायल हुए: स्थानीय लोगों ने भी दोनों मजदूरों को बाहर निकलने में कड़ी मशक्कत की. काफी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को पत्थरों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला गया. दोनों को तत्काल हरिद्वार जिला अस्पताल ले जाया गया. वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला. लोगों ने आरोप लगाया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय आसपास के लोग तो मजदूर को बचाने के लिए इकट्ठा हो गए, लेकिन होटल से कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बाहर तक नहीं आया. पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से ही दोनों घायलों को नजदीकी जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

दोनों घायलों के हाथ-पैर टूटे: पीलीभीत हाउस के सामने टाइल्स उतारने में घायल मजदूर का नाम करण उम्र 30 वर्ष पुत्र ओमप्रकाश निवासी भरतपुर राजस्थान है. ठेकेदार का नाम इमरान उम्र 45 वर्ष पुत्र मोहम्मद इकबाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी बीएचईएल सेक्टर एक हरिद्वार है. दोनों पत्थरों में दबने के करण गंभीर रूप से घायल हो गए थे. दोनों के हाथ पैर टूट चुके हैं और इसलिए दोनों को हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया.

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू की: चिकित्सकों के अनुसार मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायल ठेकेदार का भी प्राथमिक उपचार किया गया है. नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है. घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

More Stories

You may have missed