August 20, 2026

News India Group

Daily News Of India

प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, घटना को दिखाया सड़क हादसा, जानिए कैसे खुला राज

1 min read

पुलिस के अनुसार पत्नी ने ही अपने किशोर प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपने पति के हत्या की साजिश रची थी.

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवक की मौत को जहां पहले सड़क हादसे में रूप में देखा जा रहा था, वो हत्याकांड का मामला निकला. पुलिस ने 48 घंटे के अंदर इस मामले का खुलासा कर दिया. इस मामले में हत्यारोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी ही निकली. पत्नी ने ही प्रेम प्रसंग के चलते पति की हत्या की साजिश रची थी.

पुलिस के अनुसार पत्नी ने अपने पति की हत्या के बाद दो किशोरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी, लेकिन पोस्टमार्टम में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस का शक गहराया और पूछताछ में पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने मृतक की पत्नी और दोनों किशोरों को गिरफ्तार कर लिया है.

कार के अंदर मिला था शव: पुलिस ने बताया कि ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में 17 अगस्त को सड़क किनारे धान के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में कार के अंदर युवक का शव मिला था. शुरुआत में घटना को सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरा मामला हत्या का निकला.

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक शिफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित अवस्था में खड़ी होने की सूचना मिली थी. कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त ग्राम बाजावाला, डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की.

प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क हादसा के समझा गया था: प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क दुर्घटना समझा गया, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान पैनल ने शव की जांच की तो उसमें गनशॉट इंजरी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने हादसे की आशंका को दरकिनार करते हुए हत्या के कोण से जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की. पूछताछ में उसके बयानों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस का शक गहराने लगा. इसके बाद पुलिस ने मृतक की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से पूछताछ की.

आरोपियों ने स्वीकार किया जुर्म: पुलिस का कहना है कि कड़ी पूछताछ में दोनों किशोरों ने कथित तौर पर घटना का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी निशा की भूमिका के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने पत्नी से भी सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी. दुकान पर दोनों किशोर काम करते थे. पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का दोनों में से एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी के चलते पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.

17 अगस्त को जन्मदिन पार्टी के लिए घर से निकले थे सभी: पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को सभी लोग कार से जन्मदिन की पार्टी के लिए निकले थे. कार संजीव कुमार चला रहा था. इसी दौरान पीछे बैठे किशोर ने कथित तौर पर सटाकर संजीव कुमार को गोली मार दी. इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर आरोपी वहां से फरार हो गए. बाद में घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया.

पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी निशा गिरफ्तार और दोनों किशोरों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है. एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मामले का 48 घंटे में खुलासा करने वाली पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया है. उन्होंने टीम की पीठ थपथपाते हुए जांच में शामिल पुलिसकर्मियों की सराहना की. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है.

You may have missed