एम्स ऋषिकेश की भर्ती में फर्जीवाड़ा, बायोमेट्रिक सत्यापन में पकड़ा गया फर्जी अभ्यर्थी
1 min read
वायरमैन पद पर मूल अभ्यर्थी की जगह दूसरे व्यक्ति ने दी थी परीक्षा, नियुक्ति के बाद किया था कार्यभार ग्रहण
ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश की सीआरई-3 भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। वायरमैन पद के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान पहचान में गड़बड़ी पकड़े जाने पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरफ्तार व्यक्ति ने मूल अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दी थी, जबकि मूल अभ्यर्थी ने उसी के नाम पर एम्स में नियुक्त होकर कार्यभार ग्रहण कर लिया था। मामले में वांछित मूल अभ्यर्थी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को एम्स ऋषिकेश में सीआरई-3 भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा था। इस दौरान वायरमैन पद के अभ्यर्थी विकास कुमार मीणा की पहचान पर संदेह हुआ। मूल दस्तावेजों और पहचान पत्रों का मिलान करने पर परीक्षा में शामिल हुए व्यक्ति और एम्स में नियुक्त होकर कार्यभार ग्रहण करने वाले व्यक्ति की तस्वीरों में अंतर पाया गया। हालांकि, दोनों के दस्तावेजों में विवरण समान थे।
इस संबंध में एम्स के सहायक प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह ने पुलिस चौकी एम्स में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने बायोमेट्रिक सत्यापन कराने पहुंचे अशोक कुमार मीणा (40) पुत्र स्व. रामकरण मीणा, निवासी जटाली ढाणी, काली पहाड़ी, दौसा, राजस्थान को 18 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार देहरादून भेज दिया गया।
मूल अभ्यर्थी की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में वांछित विकास कुमार मीणा पुत्र धनफूल मीणा घटना के बाद से फरार है। आरोप है कि उसने भर्ती प्रक्रिया के तहत एम्स में कार्यभार ग्रहण किया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। भर्ती प्रक्रिया में प्रतिरूपण, दस्तावेजों में हेरफेर और अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, एम्स चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बिनेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
