November 13, 2026

News India Group

Daily News Of India

मसूरी में कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’, महंगाई-बेरोजगारी समेत कई मुद्दे उठाए

1 min read

देहरादून । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ निकाली गई। इंदर बाबा मार्ग, कैनाल रोड से वैली गैस तक आयोजित इस यात्रा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया।

यात्रा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुमेन्द्र सिंह बोहरा सहित संजय किशोर, जोत सिंह गुनसोला, गोदावरी थापली, उपेंद्र थापली, उर्मिला धौंडियाल थापा, जसबीर कौर, मोहन खत्री, जगदीश चौहान और सोनिया आनंद रावत सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महिला सुरक्षा, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, चुनावी अनियमितताओं, बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, भर्ती घोटालों और अग्निवीर योजना जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने इन मामलों में जवाबदेही तय करने और आम जनता को राहत देने की मांग की।

प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ का संदेश देते हुए जनता के अधिकारों की रक्षा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े सवालों को लगातार उठाकर सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी।