नशे की लत ने बनाया चोर, सैलून से उड़ाए पांच हजार रुपये; 3850 रुपये बरामद
- देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में सैलून से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को सुनील वर्मा निवासी नेहरू कॉलोनी ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके सैलून से नगदी चोरी कर ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सैलून और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर एक सितंबर को राजीवनगर पुल के पास से सौमान (19) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी सेवला कलां, माजरा, पटेलनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने सैलून में चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 3,850 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की थी। उसके अनुसार सैलून से उसे कुल पांच हजार रुपये मिले थे, जिसमें से कुछ रकम उसने नशे पर खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
