September 18, 2026

News India Group

Daily News Of India

उत्तराखंड में चुनावी मोड में कांग्रेस, अब जीत की गारंटी देने लगे हरक सिंह रावत

1 min read

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत लगातार सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से ताल ठोक रहे हैं.

देहरादून: उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. जिसको लेकर कांग्रेस पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गई है. कांग्रेस के कई नेता अपनी-अपनी दावेदारी पेश करने लगे हैं. इसी बीच पार्टी की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने बड़ा दावा किया है.हरक सिंह रावत ने कहा है कि अगर पार्टी हाईकमान उन्हें सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़वाती है, तो वह इस बात की पूरी गारंटी देते हैं कि कांग्रेस पार्टी सहसपुर सीट 20 हजार से अधिक वोटों से जीतेगी.

हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने पार्टी आलाकमान को अपनी मंशा पहले ही बता दी है. उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को आश्वस्त किया है कि यदि उन्हें सहसपुर से टिकट दिया जाता है, तो यह सीट निश्चित तौर पर कांग्रेस के खाते में जाएगी. हरक सिंह ने कहा, आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सहसपुर सीट पर 20 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र का राजनीतिक समीकरण, जातीय समीकरण और जनता के बीच अपनी पकड़ का पूरा आकलन करने के बाद ही वो आत्मविश्वास के साथ यह बात कह रहे हैं.

हरक सिंह रावत ने आगे कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का फायदा केवल एक सीट पर नहीं, बल्कि आसपास की कई विधानसभा सीटों पर भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि सहसपुर के साथ लगती देहरादून और हरिद्वार जिले की कई सीटें हैं, जहां उनका अच्छा प्रभाव है. अगर वह सहसपुर से चुनाव लड़ते हैं, तो वह उन सीटों को भी प्रभावित कर सकते हैं और कांग्रेस को वहां भी फायदा पहुंचा सकते हैं.

हरक सिंह के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब देखना यह होगा कि कांग्रेस हाईकमान हरक सिंह रावत के इस दावे पर कितना भरोसा जताती है और क्या उन्हें सहसपुर से चुनावी मैदान में उतारा जाता है. वहीं हरक सिंह रावत पहले भाजपा में थे और 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह कांग्रेस में शामिल हुए थे. वहीं 2022 में कांग्रेस उन्हें विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा पाई थी. बता दें कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

You may have missed