September 12, 2026

News India Group

Daily News Of India

गढ़वाल केंद्रीय विवि में ढह गया ABVP का गढ़, छात्रसंघ चुनाव में विरोधी गुटों ने मारी बाजी, देखें रिजल्ट

1 min read

अध्यक्ष पद पर हिमांशु 1505 सबसे अधिक वोटों से जीते जबकि उपाध्यक्ष पद पर छात्रम् के पुलकित और यूआर में आइसा के युवराज जीते हैं.

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के सबसे बड़े बिड़ला परिसर श्रीनगर में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए हैं. छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर जय हो छात्र संगठन के प्रत्याशी हिमांशु भंडारी ने जीत हासिल की है. उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंदी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के भुवन चमोली को 1505 मतों से पराजित किया. मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने चुनाव परिणाम घोषित किए.

परिणामों में आगे उपाध्यक्ष पद पर छात्रम् के पुलकित अग्रवाल ने बाजी मारी है. सचिव पद पर एसएसयूसीआई छात्र संगठन के मयंक बहुगुणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 333 वोटों से पराजित किया. सह-सचिव पद पर निर्दलीय अमन कुनियाल ने जीत दर्ज की है. वहीं कोषाध्यक्ष पद पर जय हो छात्र संगठन के ही रामरूप गुर्जर निर्विरोध निर्वाचित हुए.

10 सितंबर शुक्रवार सुबह आठ बजे छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ था. मतदान प्रक्रिया दोपहर दो बजे तक जारी रही. इसके बाद सात टेबलों पर दो राउंड की मतगणना शुरू हुई जो शाम 8 बजे संपन्न हुई.

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने बताया कि,

छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर हिमांशु भंडारी को 3301 मत मिले, जबकि भुवन चमोली को 1796 मत प्राप्त हुए. हिमांशु भंडारी ने 1505 मतों के अंतर से जीत हासिल की. उपाध्यक्ष पद पुलकित अग्रवाल को 2991 मत प्राप्त हुए. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्व प्रीति वर्मा को 945 मतों से पराजित किया.

प्रो. सती ने बताया कि,

कोषाध्यक्ष पद पर रामरूप गुर्जर एवं कार्यकारिणी सदस्य पद पर ऋतु राज, अंकुर यादव, नवनीत कुमार और अभिराज नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. सचिव पद पर मयंक बहुगुणा को 2708 मत प्राप्त हुए. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आर्यन छात्रसंगठन के पंकज को 333 मतों से पराजित किया.

उधर, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर युवराज सिंह को 2979 मत प्राप्त हुए जबकि उनके विपक्षी अंशुमान कुमार श्रीवास्तव को 1826 मत प्राप्त हुए. छात्रा प्रतिनिधि में जय हो की सुनिधि सिंह को 2105 वोट मिले. उन्होंने विद्यार्थी परिषद से प्रत्याशी गौतमी भट्ट को 91 वोट से पराजित किया.

केंद्रीय गढ़वाल विवि में इस बार 6 पदों पर ही चुनाव संपन्न हुआ. कुल 8776 मतदाताओं में से 5208 मतदाता ने अपने मत का प्रयोग किया.

वहीं, विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर में NSUI का दबदबा रहा. पौड़ी परिसर में अध्यक्ष पद पर NSUI से आयुष थपलियाल जीते. सचिव पद पर भी NSUI के ऋषभ कुमार ने बाजी मारी. वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर NSUI की अनीशा को जीत मिली.

हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विवि श्रीनगर की छात्र राजनीति को गढ़वाल की सियासत के प्रतिबिम्ब के तौर पर देखा जाता रहा है. शुक्रवार को आए श्रीनगर विवि कैंपस और पौड़ी कैंपस कॉलेज के चुनावी नतीजों ने बदलाव की बयार का संकेत दिया है. ABVP से विमुख हुए पौड़ी, टिहरी समेत कई जिलों के युवाओं को जोड़े रखने की चुनौती भाजपा के सामने मुँह खोलकर खड़ी हो गई है.

वैसे भी गढ़वाल में काफ़ी दिनों से सरकार को लेकर एक बेचैनी देखी जा रही है. कई आंदोलन हो चुके हैं और अब ZenG वाला ट्रेंड दो जगह के नतीजों में दिखा, जिसके लिए भाजपा को नए सिरे से योजना तैयार करनी होगी.

हवा का रुख़ बदलता दिख रहा है. ABVP का गढ़ HNB गढ़वाल केंद्रीय विवि भी भरभरा ढह गया. छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर जय हो ग्रुप के हिमांशु भंडारी की जीत से ज्यादा उनकी जीत का अंतर मायने रखता है. उन्हें कुल 3301 और एबीवीपी के भुवन चमोली को 1796 मत मिले. श्रीनगर से भाजपा विधायक धनसिंह रावत सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं, इस हार की टीस शायद उन्हें महसूस हो.

उपाध्यक्ष पद पर छात्रम संगठन के पुलकित अग्रवाल, महासचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक, सह-सचिव पद पर अमन कुनियाल ने जीत दर्ज की.

You may have missed