September 8, 2026

News India Group

Daily News Of India

मुख्यमंत्री आवास कूच में सुमेन्द्र सिंह बोहरा ने उठाई सामाजिक न्याय की आवाज

मसूरी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होकर प्रदर्शन किया। मसूरी विधानसभा क्षेत्र से सुमेन्द्र सिंह बोहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कूच में पहुंचे। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहा और उन्होंने सामाजिक न्याय, सम्मान और जवाबदेही की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ कथित जातिवादी टिप्पणी, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी वर्गों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सुमेन्द्र सिंह बोहरा ने कहा कि सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग या व्यक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। मसूरी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।

You may have missed