रक्षाबंधन पर पर्यावरण मित्रों की कलाई पर बांधी सम्मान की राखी
1 min read

देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर वार्ड 48 बद्रीश कॉलोनी में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों एवं सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता कमली भट्ट ने पर्यावरण मित्रों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कमली भट्ट ने कहा कि पर्यावरण मित्रों के हाथ प्रतिदिन शहर की गलियों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके प्रयासों से शहर स्वच्छ रहने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य की भी रक्षा होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ पर्यावरण मित्रों की कलाई पर राखी बांधना उनके लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि उन लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज की सेवा में जुटे रहते हैं। जो पर्यावरण मित्र हर दिन स्वच्छता के माध्यम से समाज की रक्षा करते हैं, आज उनकी कलाई पर सम्मान की राखी बांधकर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस दौरान सुपरवाइजर अरुण, सनी, राजा, दीपक, शुभम सहित कई पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
