October 10, 2026

News India Group

Daily News Of India

उत्तराखंड: हेड कांस्टेबल जितेंद्र का नेशनल लेवल पर डंका, ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर में जीता कांस्य पदक

1 min read

75वीं ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस के जवान ने राज्य का मान बढ़ाया है.

चमोली: उत्तराखंड पुलिस के जांबाज जवान खेल के मैदान में भी लगातार प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं. इसी कड़ी में चमोली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 75वीं ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉडी बिल्डिंग में कांस्य पदक अपने नाम किया है. जितेंद्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जनपद चमोली और उत्तराखंड पुलिस विभाग में खुशी की लहर है.

गौर हो कि चमोली पुलिस के जांबाज हेड कांस्टेबल जितेंद्र ने ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2026 में 70 किलोग्राम भार वर्ग की बॉडी बिल्डिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से चमोली जनपद और पूरे पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है. जितेंद्र के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया.

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 27 सितंबर 2026 तक मधुबन, करनाल (हरियाणा) स्थित पुलिस अकादमी में आयोजित की गई थी. इसमें देशभर की विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. चमोली पुलिस के हेड कांस्टेबल जितेंद्र ने अपनी दमदार फिटनेस, कड़े अनुशासन और बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत 70 किलोग्राम भार वर्ग की बॉडी बिल्डिंग स्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त कर देश में उत्तराखंड का मान बढ़ाया.

हेड कांस्टेबल जितेंद्र की इस गौरवमयी सफलता पर चमोली पुलिस कार्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया. पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने जितेंद्र को मेडल पहनाकर और मिठाई खिलाकर इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी. इस दौरान एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने जितेंद्र के खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा, “ड्यूटी के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुलिस का गौरव बढ़ाने वाले जितेंद्र जैसे कर्मी पूरे पुलिस परिवार के लिए प्रेरणास्रोत हैं. जितेंद्र की मेहनत ने यह साबित किया है कि अनुशासन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है. उन्होंने जितेंद्र को भविष्य में होने वाली आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने के लिए भी शुभकामनाएं दी.

सम्मान के इस गौरवपूर्ण अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट और प्रतिसार निरीक्षक जितेन्द्र जोशी समेत पुलिस कार्यालय के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने हेड कांस्टेबल जितेंद्र को बधाई देकर उनका हौसला बढ़ाया.

You may have missed