मौसम खराब होने से राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा स्थगित, जल्द करेंगे पुनः दौरा – संजय किशोर
उत्तराखंड। प्रतिकूल मौसम के चलते कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा गुरुवार को स्थगित हो गया। इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पछवादून संजय किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी सुबह पंतनगर पहुंच चुके थे, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा में शामिल होने जाना था। हालांकि मौसम की गंभीर खराबी के कारण पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया, जिसके चलते कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
संजय किशोर ने बताया कि राहुल गांधी उत्तराखंड की जनता से संवाद कर प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक एवं विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी प्रस्तावित थी। कोटद्वार में भी उनका कार्यक्रम निर्धारित था।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि वह उत्तराखंड के लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं, उम्मीदों और चिंताओं को सुनना चाहते थे, लेकिन मौसम की परिस्थितियों के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यात्रियों और सहयात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा प्रकृति के सामने सभी को विनम्र रहना पड़ता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही पुनः उत्तराखंड आएंगे और पर्याप्त समय निकालकर लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश के भविष्य, विकास और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
जिलाध्यक्ष पछवादून संजय किशोर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में राहुल गांधी के दौरे को लेकर काफी उत्साह था, लेकिन मौसम की बाधा के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द नई तिथि घोषित की जाएगी।
