विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तराखण्ड वन विभाग द्वारा “Inspired by Nature, For Climate, For Our Future” कार्यक्रम आयोजित।
1 min read
देहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जू देहरादून में उत्तराखण्ड वन विभाग द्वारा एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “Inspired by Nature, For Climate, For Our Future” रही, जिसके माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं हरित भविष्य के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड के वन मंत्री सुबोध उनियाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई। इस अवसर पर HoFF (Head of Forest Force) आर.के. मिश्रा सहित राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक, विभिन्न प्रभागों के डीएफओ, एसीएफ एवं वन विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में युवा समाजसेवी एवं पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ. शुभ बिश्नोई ने बतौर अतिथि वक्ता अपने विचार व्यक्त किए। अपने प्रभावशाली संबोधन में उन्होंने प्रकृति को केवल संसाधन नहीं बल्कि “जीवन का आधार” बताते हुए युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि आज पर्यावरण को बचाने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका भारी मूल्य चुकाना पड़ेगा।
डॉ. शुभ बिश्नोई ने उत्तराखण्ड की प्राकृतिक धरोहर, जंगलों एवं जलस्रोतों का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि की पहचान केवल पर्यटन से नहीं, बल्कि उसके पर्यावरणीय संतुलन और हरित संस्कृति से है। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की सराहना करते हुए इसे प्रकृति एवं मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण शपथ एवं जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी, युवा नेतृत्व एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का एक सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।
