September 15, 2026

News India Group

Daily News Of India

ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 गिरफ्तार, 55 वाहन सीज

1 min read

देहरादून। हुड़दंगियों और अराजक तत्वों के खिलाफ दून पुलिस का ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 23 अगस्त की रात नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सीमावर्ती चेक पोस्टों, आंतरिक मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन सभी के वाहनों को सीज कर दिया। इसके अलावा काले शीशे लगाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहनों को भी सीज किया गया।

अभियान के दौरान 53 वाहन चालकों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 47 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए।

रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने 700 से अधिक वाहनों की जांच की और 900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके संबंध में आवश्यक सत्यापन की जानकारी जुटाई। संदिग्ध गतिविधियों में पाए गए 57 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।

इसके साथ ही अनावश्यक रूप से घूम रहे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले 84 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इनसे 21,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले छात्रों को चिन्हित कर कार्रवाई करने तथा रात में संदिग्ध व्यक्तियों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

More Stories

You may have missed