August 15, 2026

News India Group

Daily News Of India

उत्तराखंड में यहां सीधे हाथी से जा टकराई स्कूटी सवार महिला, गजरात के टूट गए दांत, खुद भी घायल

1 min read

खटीमा के चकरपुर इलाके में हाईवे पर स्कूटी सवार महिला हाथी से टकराई, हाथी का टूटा एक दांत, महिला भी हुई गंभीर घायल

खटीमा: चकरपुर इलाके में स्कूटी सवार महिला सीधे सड़क पार कर रहे एक हाथी से जा टकराई. जिससे महिला घायल हो गई, तो हाथी का भी एक दांत टूट गया. हाथी दांत के भी तीन टुकड़े हो गए. मौके से गुजर रहे शिक्षकों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की तरफ भाग गया. साथ ही महिला के घायल होने की सूचना पुलिस और परिजनों समेत अन्य जिम्मेदार विभागों को दी.

वहीं, हादसे की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जबकि, वन विभाग की टीम ने हाथी दांत को मौके से बरामद कर उसे रेंज कार्यालय में सुरक्षित रख दिया है. साथ ही हाथी की निगरानी के लिए घटनास्थल के आसपास दो ट्रैप कैमरे लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके अलावा इस हाईवे को हाथी कॉरिडोर बता कर चालकों से सावधानी पूर्वक वाहनों को चलाने की अपील की गई है.

मायके से लौटते वक्त हाथी से जा टकराई महिला: जानकारी के मुताबिक, श्रीपुर विछवा निवासी शिक्षिका निकिता कापड़ी पत्नी रोहित कापड़ी (उम्र 23 वर्ष) अपने मायके टनकपुर गई थी. जो मंगलवार की सुबह अपने मायके टनकपुर से स्कूटी पर सवार होकर खटीमा स्थित हिंद पब्लिक स्कूल में पढ़ाने के लिए आ रही थी. इसी दौरान बनबसा-चकरपुर के बीच घने जंगल में एक हाथी अचानक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया. जिससे स्कूटी सवार महिला हाथी से टकरा गई.

हाथी का दांत टूटकर नीचे गिरा: स्कूटी के हाथी से टकराने से हाथी का एक दांत टूट कर नीचे गिर गया. जबकि, स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई. हाथी से टकराने के बाद साहस दिखाते हुए महिला घटनास्थल से कुछ दूरी पर भाग निकली. इसी दौरान वहां से गुजर रहे राइंका गैंडाखाली व राइंका सूखीढांग का स्टाफ शिक्षिका शाइस्ता परवीन, रवि बगोटी, रेखा कन्याल, पीएम शाह, डाॅ. आरबी यादव, विक्रम सिंह धामी, महेंद्र पाल सिंह ने स्कूटी को हाथी से टकराते देख शोरगुल किया तो हाथी जंगल की ओर भाग गया.

महिला अस्पताल में भर्ती: शिक्षक स्टाफ ने घटना महिला के परिजनों, चकरपुर पुलिस चौकी और वन विभाग को दी. उधर, उनकी सूचना पर चकरपुर पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. साथ ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई. घायल स्कूटी सवार महिला को एंबुलेंस से नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू कर दिया है. डॉक्टरों ने बताया कि महिला हालत स्थिर है.

स्कूटी की टक्कर से टूटे हाथी के दांत को कब्जे में लेकर सुरक्षित रेंज कार्यालय में रख दिया गया है. घटनास्थल हाथी कॉरिडोर क्षेत्र है. जहां से आए दिन हाथियों के झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करते हैं. मंगलवार को भी एक हाथी सड़क पार करते समय स्कूटी से टकरा गया.“- हरेंद्र सिंह बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी, खटीमा वन रेंज

घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में दो ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे हाथी व अन्य वन्यजीवों की निगरानी की जाएगी. राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात व दिन में आवागमन करने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन चालक विशेष सतर्कता बरतें.“- हरेंद्र सिंह बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी, खटीमा वन रेंज

More Stories

You may have missed