November 22, 2026

News India Group

Daily News Of India

मसूरी में पिकअप की चपेट में आने से युवक की मौत, दोस्त से पूछताछ

मसूरी।** मसूरी में शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच हुए घटनाक्रम के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को शुरुआत में दोस्त द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिली थी, लेकिन प्रारंभिक जांच में मामला वाहन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

कोतवाली मसूरी पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 10:16 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सतीश नाम के युवक को उसके दोस्त ने मार दिया है और वह मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही एसएसआई सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सतीश (28) पुत्र जगदीश, निवासी पिक्चर पैलेस मसूरी के रूप में हुई।

एसएसआई सत्येंद्र सिंह भाटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम लंढौर, के साथ पिकअप वाहन में कहीं से आ रहा था। दोनों शराब के नशे में थे। शाम करीब सात से आठ बजे के बीच वे सिविल अस्पताल, सिपलिंग एस्टेट के पास पहुंचे, जहां किसी अन्य व्यक्ति के साथ उनकी बहस हो गई। इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल पीछे की ओर चले गए और कुछ समय बाद वापस लौटे।

बताया गया कि इसके बाद चालक सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और कुछ देर बाद वापस आया। इस दौरान वाहन तेज गति में था। आशंका है कि सड़क किनारे खड़े सतीश को पिकअप का किनारा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद चालक मौके पर नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। युवक की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।