चकराता में 35 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पांच घायल
1 min read

उत्तराखंड (चकराता) सहिया से पहले लालपुल के पास शनिवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 35 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को लालपुल के पास वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में गिरी मिली।
कार में तीन पुरुष और दो महिलाएं सहित कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन को सामान्य चोटें आईं। एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान रोहन कुमार (23) निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26) निवासी रोहिणी दिल्ली, अभिषेक (26) निवासी नोएडा उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह (22) निवासी वाराणसी उत्तर प्रदेश और प्रिन्स राज (22) निवासी वाराणसी के रूप में हुई है।
