नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक में सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।
मसूरी : नगर पालिका सभागार में शहर की स्वच्छता को लेकर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें स्वच्छता के क्षेत्र में लगे पालिका सफाई कर्मचारी, कीन संस्था व हिलदारी ने भाग लिया जिसमें सभी का आहवान किया गया कि मसूरी जिस तरह पूर्व में स्वच्छता के लिए जानी जाती थी उसी तरह कार्य किया जाय ताकि मसूरी की छवि बनी रहे।
बैठक में स्वच्छता से जुडे सभी कर्मचारियों को वार्ड वाइज दिशा निर्देश दिए गये, घर घर से कूडा एकत्र करने, सूखा व गीला कूडा अलग अलग एकत्र करने, व जो लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं उस पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं चेतावनी दी गई कि अगर किसी की शिकायत आयी तो उन पर कार्यवाही होगी वहीं जो प्रतिष्ठान सहयोग नहीं कर रहे उनका चालान काटा जायेगा। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि पालिका सभागार में स्वच्छता पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्देश दिए गये कि घर घर से कूडा उठना अनिवार्य है, गीला व सूखा कूडा अलग अलग एकत्र किया जाय, सार्वजनिक शौचालयों को पूरी तरह से स्वच्छता के साथ संचालित किया जाय व इस कार्य के दौरान जो परेशानी हो रही है उस पर भी चर्चा की गई। वहीं उन्होने कहा कि जिला न्यायालय के तहत 18 जून को स्वच्छता अभियान चलाया जाना है जिसकी तैयारी की जा रही है व अलग अलग टीमें बनाकर स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। इसमें सभी पर्यटक स्थलों, मालरोड व अन्य सभी मुहल्लों में सफाई अभियान चलाया जायेगा। उन्होने सफाई पर कड़े निर्देश दिए कि जहां से भी शिकायत आयेगी उस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी अगर फिर भी सुधार नहीं हुआ तो सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहंी जो लोग घरों से कूडा नहीं दे रहे हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी। प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध है जो उपयोग करेगा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं पालिका बायोमैथीन प्लांट लगा रही है आने वाले दो महीनों में मसूरी को जीरो वेस्ट कर देंगे। वहीं सफाई पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इस मौके पर पालिका अधिशासी अधिकारी राजवीर सिंह चौहान ने सफाई कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए व साथ ही चेतावनी दी कि जिस क्षेत्र मेें स्वच्छता के प्रति लापरवाही बरती जायेगी उनके स्वच्छता कर्मी सहित सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी वहीं जो कूडा नहीं दे रहे या रात को फेंक रहे है उनकी निगरानी रख उनका चालान किया जायेगा। वहीं उन्होंने 18 जून के सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए टीमें बनाई व उन्हें आवश्यक निर्देश दिए ताकि यह अभियान पूरी तरह सफल हो सके। इस मौके पर हिलदारी के अरविंद शुक्ला ने भी अपने विचार रखे व स्वच्छता के जुड़े विषय पर अपनी बात रखी व जरूरी दिशा सुझाव दिए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाया जा सके। इस मौके पर स्वास्थ्य निरीक्षक किरन राणा मियां, सभासद सुरेश थपलियाल कीन के अशोक कुमार सहित सभी सफाई नायक, सुपरवाइजर आदि मौजूद रहे।
