August 22, 2026

News India Group

Daily News Of India

उत्तराखंड में भीषण हादसा, चार बाइकों की आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत, 3 युवकों की दर्दनाक मौत

1 min read

रुड़की में सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 6 युवक गंभीर गाय़ल हो गए. जिनका इलाज चल रहा है.

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसा इतना भयंकर था कि मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. बताया गया है कि टक्कर लगने के बाद चारों बाइकें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है.

पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार 21 अगस्त की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया गया है कि हादसा उस समय हुआ जब चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी से गुजर रही थी, इसी दौरान चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं.

वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसा होने के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. हादस की सूचना मिलते ही तत्काल पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए 108 की मदद से रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत आमने-सामने से हुई है. हादसे की वास्तविक वजह क्या रही इसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
-शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात-

जहां पर अस्पताल के चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया, जिनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. सड़क हादसे में मृतकों की पहचान अयान (उम्र 18 वर्ष) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली कोतवाली मंगलौर, राजू (उम्र 24 वर्ष) पुत्र कदम सिंह, और राजीव (उम्र 18 वर्ष) पुत्र मोल्हड सिंह निवासी रहमतपुर कोतवाली पिरान कलियर हुई है. वहीं हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (उम्र 25 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर, गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें एम्स हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया है, अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है.

More Stories

You may have missed