October 26, 2026

News India Group

Daily News Of India

द्वाराहाट में कांग्रेस की परिवर्तन शंखनाद रैली, 2027 में सरकार बनाने का किया दावा, बीजेपी पर साधा निशाना

1 min read

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग उठाई. साथ ही नीतियों को लेकर बीजेपी को जमकर कोसा.

अल्मोड़ा: विधानसभा क्षेत्र द्वाराहाट में विकास और परिवर्तन का संदेश देने के उद्देश्य से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में परिवर्तन शंखनाद रैली का आयोजन किया गया. रैली में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की मौजूदगी ने क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर दी. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा किया. वहीं, कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की.

परिवर्तन शंखनाद रैली घटगाड़ पुल से शुरू हुई. ढोल-नगाड़ों और पार्टी के नारों के बीच रैली द्वाराहाट चौराहे से होते हुए आगे बढ़ी. इसके बाद जनसभा का आयोजन किया गया. इस दौरान कांग्रेस में शामिल हुए नए सदस्यों का पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक मदन सिंह बिष्ट और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नए सदस्यों का भव्य स्वागत किया.

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गैरसैंणको उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाने की पैरवी की. उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2017 में कांग्रेस की सरकार दोबारा सत्ता में आती, तो गैरसैंण को स्थायी राजधानी बना दिया गया होता. उन्होंने प्रदेश के हितों और राजधानी के मुद्दे पर एक बार फिर संघर्ष करने की जरूरत बताई.हरीश रावत ने महिला अपराध और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है.

उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे कितनी भी वोट चोरी कर ले, आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी. विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि लोग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हो चुके हैं. इसी के मद्देनजर परिवर्तन शंखनाद रैली का आयोजन किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में विकास के नाम पर कुछ खास नहीं हुआ है.

उन्होंने कहा कि आम जनता आधार कार्ड, बैंक केवाईसी सहित कई प्रक्रियाओं में उलझकर परेशान हो रही है. महंगाई लगातार बढ़ रही है और युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं. उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप भी लगाया.विधायक ने कहा कि आगामी सदन में यदि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिला, तो वह प्रदेश में हुए भ्रष्टाचार के मामलों को सामने रखेंगे.

More Stories

You may have missed