August 15, 2026

News India Group

Daily News Of India

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को भेजा रिमाइंडर नोटिस, पेश ना होने पर गिरफ्तारी का वारंट होगा जारी

1 min read

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की परेशानियां बढ़ सकती है. गायक के खिलाफ पुलिस ने रिमाइंडर भेजकर जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा.

देहरादून (उत्तराखंड): डीएवी पीजी कॉलेज में 11 अप्रैल को छात्र संघ के कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने पर हरियाणा के गायक मासूम शर्मा की परेशानियां बढ़ी हुई हैं. मासूम शर्मा के खिलाफ दून पुलिस ने रिमाइंडर भेजकर तत्काल जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने के लिए कहा है. यदि इस रिमाइंडर नोटिस के बावजूद हरियाणा गायक मासूम शर्मा पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया जाएगा.

बता दें कि 11 अप्रैल को डीएवी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ समारोह के दौरान मंच से गालियां देने वाले हरियाणा गायक मासूम शर्मा के खिलाफ छात्र संघ प्रतिनिधि प्रांचल ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई थी.अधिवक्ता सेवा मंच के अध्यक्ष संदीप मोहन चमोली की ओर से भी गायक के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में तहरीर दी गई थी. शिकायत के अनुसार डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र संघ के कार्यक्रम में हरियाणा गायक मासूम शर्मा को आमंत्रित किया गया था. गायक ने मंच पर सार्वजनिक रूप से सैकड़ों छात्र-छात्राओं के सामने कई बार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौज भी किया था.

कोतवाली डालनवाला में शिकायत के आधार पर हरियाणा गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. साथ ही मुकदमा दर्ज होने के बाद डालनवाला कोतवाली पुलिस ने गायक मासूम शर्मा को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था, लेकिन उन्होंने व्यस्तता होने के चलते अपने भाई और अधिवक्ता को देहरादून भेजा था. गायक ने दून पुलिस से एक मई को संपर्क करते हुए 10 मई तक व्यस्तता के चलते समय मांगा था और 10 मई तक भी गायक मासूम शर्मा पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ है.

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि दून पुलिस हरियाणा गायक मासूम शर्मा को रिमाइंडर भेज कर तत्काल जांच अधिकारी के समक्ष होने के लिए कहा गया है. साथ ही इसके बाद भी यदि मासूम शर्मा पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी के वारंट जारी करवाए जाएंगे.

गौर हो कि छात्र संघ के इस कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी भी शिरकत की थी. लेकिन सीएम धामी मासूम शर्मा के इस प्रकरण से पहले ही कार्यक्रम से निकल चुके थे. हालांकि इस कार्यक्रम में खानपुर विधायक उमेश कुमार उस दौरान मंच पर उपस्थित थे. जिसके बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था.

वहीं देहरादून पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मासूम शर्मा को नोटिस भी जारी किया था. मामला बढ़ता देख हरियाणा के गायक मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगी थी. साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में आपत्तिजनक शब्दों के कहने का कारण भी साझा किया था.

More Stories

You may have missed