July 31, 2026

News India Group

Daily News Of India

मसूरी – पुराने टिहरी बस स्टैंड पर क्षतिग्रस्त हैंड पंप शीघ्र होंगे ठीक।

मसूरी : शहर के पुराने टिहरी बस स्टैंड पर जल संस्थान के माध्यम से लगाये गये हैंड पंप को अज्ञात लोगों द्वारा जानबूझ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। जबकि यह हैंड पंप वहां रहने वाले गरीब लोगों की पानी की आपूर्ति करता है। मामला संज्ञान में आने पर उपजिलाधिकारी के आदेश पर नायब तहसीलदार व जल संस्थान के सहायक अभियंता सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि पुराने टिहरी बस स्टैंड पर जल संस्थान के द्वारा लगाया गया हैंड पंप लंबे समय से क्षेत्र की गरीब जनता की पेयजल की आपूति करता आ रहा है, लेकिन किसी ने इसे जानबूझ कर खराब किया है व पंप में पत्थर डाल दिए। उन्होंने विभाग से मांग करते हुए कहा कि यह हैंड पंप शीघ्र ठीक किया जाय ताकि जनता को पेयजल की आपूर्ति हो सके। वहीँ इस संबंध में जल संस्थान के सहायक अभियंता अभय भंडारी ने कहाकि दो माह पूर्व हैंडपंप खराब होने का पत्र विभाग के पास आया था जिस पर जल संस्थान ने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम को हैंड पंप ठीक करने को कहा क्योंकि मसूरी के सभी हैंडपंप पेयजल निगम ही ठीक करता है उम्मीद है कि जन निगम शीघ्र इस हैंड पंप को ठीक कर देगा।

इस अवसर पर मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार भौंपाल सिंह चौहान ने कहा कि खराब हैंड पंप को ठीक करने के लिए जल संस्थान को निर्देश दिए गये हैं ताकि स्थानीय लोगों को पानी उपलब्ध हो सके वहीं कहा कि यहां पर जो भवन बने हैं इसके बारे में नगर पालिका से जांच करवायी जायेगी। मालूम हो कि एसडीएम नरेश दुर्गापाल के संज्ञान में भी यह मामला है तथा उन्होंने नायब तहसीलदार को मौके पर जाकर हैंडपंप का निरीक्षण करने को कहा था। पुराने टिहरी बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में कूड़ा बिनने वाले भी रहते हैं जो कि इसी पंप से पानी भरते हैं लेकिन पंप के खराब होने पर उन्हें मलिंगार से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।

You may have missed