November 13, 2026

News India Group

Daily News Of India

मसूरी में गिरा टेम्पो ट्रैवलर, चालक सहित 21 यात्री सुरक्षित

1 min read

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। हरिद्वार से मसूरी आ रहा पर्यटकों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट को तोड़ते हुए करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन नीचे पेड़ों में अटक गया, जिससे उसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए। हादसे में एक महिला यात्री को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:40 बजे टेम्पो ट्रैवलर संख्या DL1VC5507 हरिद्वार से मसूरी की ओर आ रहा था। झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के नजदीक पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे पैरापिट को तोड़ता हुआ गहरी खाई में जा गिरा और पेड़ों में अटक गया।

हादसे के समय वाहन में पांच परिवारों के सदस्य सवार थे। सभी यात्री गुजरात के निवासी हैं और वर्तमान में मुंबई में रह रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाल लिया गया।

वाहन को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-18 निवासी सोनू पुत्र राजेंद्र कुमार (40) चला रहा था। दुर्घटना में सखी पटेल (45) को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।