भट्टा फॉल के पास स्कूटी-बुलेट की भिड़ंत, चार युवक घायल
1 min read
ट्रक से पास लेने के दौरान हुआ हादसा, घायलों को मैक्स अस्पताल भेजा
मसूरी। भट्टा फॉल क्षेत्र में रुद्राक्ष होटल के पास रविवार सुबह स्कूटी और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार चार युवक घायल हो गए। इनमें तीन युवकों को पैर, कंधे और गर्दन में चोटें आईं, जबकि एक युवक को मामूली चोट लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए मैक्स अस्पताल, देहरादून भेजा।
कोतवाली मसूरी के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस को 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। इस पर बार्लोगंज चौकी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूटी सवार मसूरी से देहरादून की ओर जा रहे थे, जबकि बुलेट सवार देहरादून से मसूरी आ रहे थे। रुद्राक्ष होटल के पास मोड़ पर ट्रक से पास लेने के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल की स्कूटी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों पर सवार युवक घायल हो गए।
हादसे में स्कूटी चालक विष्णु (27), निवासी डोईवाला, देहरादून के पैर और कंधे में चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे गौरव सिंह चौहान (27), निवासी नथुवाला, देहरादून को मामूली चोट लगी। वहीं, बुलेट चालक धर (18), निवासी आशियाना ग्रैंड, पोंधा रोड, बिधौली, देहरादून के पैर और गर्दन में चोटें आईं। बुलेट पर पीछे बैठे आदित्य को भी मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
