August 31, 2026

News India Group

Daily News Of India

मंच शुद्धिकरण मामला: राहुल गांधी पर हल्द्वानी में SC-ST एक्ट में मुकदमा दर्ज, दलितों के अपमान का लगा आरोप

1 min read

हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण मामले में शिकायत श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की तहरीर पर पुलिस ने राहुल गांधी पर केस दर्ज किया है.

हल्द्वानी (उत्तराखंड): हल्द्वानी मंच शुद्धीकरण मामले ने अब नया राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले लिया है. श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है. शिकायतकर्ताओं ने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. जिसके बाद हल्द्वानी कोतवाली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(Q) के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के शुद्धीकरण का मामले पर राजनीति तेज है. अब इस मामले में एक और नया मोड़ सामने आया है. श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के दो कार्यकर्ता विनोद कुमार आर्य और अमित कुमार ने कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है. जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि राहुल गांधी की ओर से अनुसूचित जाति के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया.

इसी को आधार बनाते हुए पुलिस से मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सार्वजनिक मंच से की गई कथित टिप्पणी से अनुसूचित जाति के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है.गौरतलब है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी तेज है.

नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि

दलित समाज से आने वाले अमित नाम के व्यक्ति ने एक शिकायत दी थी, जिस के आधार पर मुकदमे दर्ज किया गया है. तहरीर में कहा था कि राहुल गांधी के बयान व प्रेस कांफ्रेंस से उन्हें और उनके समाज को चोट पहुंची है. इस बारे में दलित समाज के लोगों से कोई भी जानकारी नहीं ली गई और यह समाज के लिए सही नहीं है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.
-मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल

कांग्रेस इस मामले को लेकर विरोध दर्ज करा रही है, जबकि दूसरी ओर शुद्धिकरण कराने वाले पक्ष की ओर से लगातार अपनी बात रखी जा रही है. अब राहुल गांधी के खिलाफ दी गई इस तहरीर के बाद मामला और गरमा गया है. हालांकि पुलिस ने तहरीर के आधार पर BNS की धारा 196 और 299 के साथ SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(Q) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. साथ ही मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है.

मंच शुद्धिकरण मामले में उनकी संस्था द्वारा रामलीला मचान में गंदगी फैली हुई थी. जिसको लेकर उस स्थान पर सफाई अभियान चला कर शुद्धिकरण किया गया था. इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं. जिसको लेकर समाज के व्यक्तियों के साथ राहुल गांधी के खिलाफ तहरीर सौंपी है.
-अमित कुमार, शिकायतकर्ता-

गौर हो कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की एक रैली आयोजित हुई थी. जिसके बाद कथित तौर पर हिंदूवादी संगठन की ओर से मैदान में ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ का मामला सामने आने के बाद राजनीति तेज हो गई.

You may have missed