मिलावट-जमाखोरी पर चाबुक, जिलों में तेज हुआ जांच अभियान सीएम धामी के निर्देश पर एक सप्ताह तक चलेगा अभियान, मंडलायुक्त करेंगे मॉनिटरिंग
1 min read

देहरादून। त्योहारों के सीजन को देखते हुए मिलावट, जमाखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में जांच अभियान तेज कर दिया गया है। सभी जिलाधिकारियों को एक सप्ताह तक व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अभियान की मॉनिटरिंग का जिम्मा मंडलायुक्तों को सौंपा गया है।
सरकार के निर्देश पर सोमवार को सभी जिलों में जिला प्रशासन, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन समेत संबंधित विभागों की टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और अनियमितता मिलने पर दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। कई स्थानों पर सड़ी-गली और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ चीनी की जमाखोरी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी जांच की।
चमोली में तीन सैंपल लिए
चमोली में तीन खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। एक्सपायरी डेट की सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए और सामग्री नष्ट कराई गई। दो कंपनियों की सामग्री की लेबलिंग और पैकेजिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली, जिस पर संबंधित निर्माताओं को नोटिस दिए जा रहे हैं।
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण
रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। छह दुकानों में एक्सपायरी डेट की सामग्री मिलने पर दुकानदारों को चेतावनी दी गई और सामान नष्ट कराया गया। अल्मोड़ा में दो मिठाइयों के सैंपल, बागेश्वर में आठ प्रतिष्ठानों से तीन सैंपल और पिथौरागढ़ में दो सैंपल लिए गए।
चंपावत में एक अगस्त से अभियान जारी है। अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें दस स्थानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि सर्वे के लिए तीन सैंपल लिए गए हैं।
देहरादून में 11 खाद्य नमूने लिए
देहरादून में सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान 11 खाद्य नमूने लिए गए। तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए चेतावनी दी गई। जिले में एक अगस्त से अब तक 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 सैंपल लिए जा चुके हैं। सर्वे के लिए 20 सैंपल अलग से लिए गए हैं। 11 दुकानदारों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा एडीएम कोर्ट में चार वाद दर्ज कराए गए हैं।
हरिद्वार में 47 प्रतिष्ठानों की जांच
हरिद्वार में 17 अगस्त से अभियान चल रहा है। अब तक 47 व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 27 सैंपल लिए गए हैं। दस दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि विभिन्न न्यायालयों में चार मामले दर्ज कराए गए हैं।
पौड़ी और नैनीताल में भी कार्रवाई
पौड़ी में सोमवार को दस सैंपल लिए गए, जिनमें छह जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। धारा 36 के तहत एक वाद स्वीकृत किया गया। नैनीताल में दस दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि मानकों के अनुरूप न पाई गई दस किलो मिठाई को नष्ट कराया गया।
टिहरी में सात व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए। उत्तरकाशी में 15 स्थानों का निरीक्षण किया गया और चार सैंपल लिए गए। बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के मामले में एक दुकानदार को नोटिस जारी किया गया।
सरकार ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट और जमाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और लापरवाही या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
