May 19, 2026

News India Group

Daily News Of India

दूसरी बेटी पैदा होने पर पिता ने हॉस्पिटल में किया हंगामा, पुलिस ने लिया सख्त एक्शन

1 min read

पिथौरागढ़ महिला हॉस्पिटल में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक शख्स को पता चला की उसकी दूसरी बेटी पैदा हुई है.

पिथौरागढ़: आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी एक अलग बनाकर अपना लोहा मनवा रही हैं और अपने माता पिता का नाम रोशन कर रही है. वहीं दूसरी ओर एक पिता ने दूसरी बेटी होने पर हॉस्पिटल में हंगामा कर दिया. जिसके बाद हॉस्पिटल प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी और पुलिस ने युवक पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई की है.

गौर हो कि महिलाएं जहां आज के दौर में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं, साथ ही हर क्षेत्र में पुरूषों को पीछे छोड़ती भी नजर आ रही हैं. लेकिन इस सबके बीच पिथौरागढ़ से हैरान और परेशान करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां महिला अस्पताल में एक पिता ने दूसरी बेटी होने पर हंगामा काट दिया. युवक की हरकतों से सभी सकते में आ गए. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले गई. जिले पिथौरागढ़ के दिग्तोली गांव निवासी युवक की पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था. सोमवार को महिला ने बच्ची को जन्म दिया. पत्नी के साथ अस्पताल आए युवक को जैसे ही बेटी होने का पता चला वह नाराज हो गया. इसके बाद उसने हंगामा काटना शुरू कर दिया.

इससे अस्पताल स्टाफ समेत अन्य तीमारदार सकते में आ गए. सूचना मिलते ही कोतवाली से पुलिसकर्मी महिला अस्पताल पहुंचे. इसके बाद युवक को शांत कराकर मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल में युवक के नशे में होने की पुष्टि हुई. पुलिस ने युवक का 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया. एक ओर जहां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, दूसरी ओर बेटी पैदा होने पर पिता के हंगामा करने से लोग हैरान हैं. तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त हेमा थलाल का कहना है कि आज के दौर में बेटा-बेटी एक समान हैं. बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं.

ऐसे में बेटी पैदा होने पर एक पिता का हंगामा करना समाज की सोच को दर्शाता है. लोगों को इस तरह की सोच से बाहर निकलने की जरूरत है. सीओ पिथौरागढ़ गोविंद बल्लभ जोशी सीओ ने बताया कि अस्पताल में युवक के द्वारा हंगामा करने की सूचना मिली थी, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है. नशे में हंगामा करने पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि अस्पताल की और कोई तहरीर नहीं मिली है.

You may have missed