सड़क किनारे शराब पी रहे 17 लोग हिरासत में, 4250 रुपये जुर्माना वसूला
1 min read
रायपुर क्षेत्र में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, होटल-ढाबा संचालकों को भी चेतावनी
देहरादून। सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने अभियान चलाकर 17 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस सभी को थाने लेकर पहुंची, जहां उनके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 4250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब न पीने की सख्त हिदायत दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को थाना रायपुर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रिंग रोड, किद्दूवाला, रायपुर बाजार, मालदेवता रोड समेत अन्य संवेदनशील और एकांत स्थानों पर जांच की गई। पुलिस टीम ने सड़क किनारे खुले में और वाहनों में बैठकर शराब पी रहे 17 लोगों को पकड़ा और थाने ले जाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई लोगों को मौके पर ही चेतावनी देकर भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने को कहा। इसके अलावा होटल, ढाबा संचालकों और स्थानीय व्यापारियों को भी अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को शराब न पिलाने की हिदायत दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
