CDS जनरल बिपिन रावत को विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि।

मसूरी : शहीद स्थल झूला घर पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के लोगों ने भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद होने पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड ही नहीं बल्कि यह पूरे भारतवर्ष के लिए अपूरणीय क्षति है। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप भंडारी ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जहां उत्तराखंड में शोक की लहर है वही पूरे देश में भी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं की जा रही है। नगर पालिका परिषद सभासद जसवीर कौर ने उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए व कहा कि भारत ने एक अपना बहादुर सपूत खो दिया। आम आदमी पार्टी की जिला महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी एवं प्रकाश राणा ने भी उनकी मृत्यु को भारतवर्ष के लिए अपूरणीय क्षति बताया व कहा कि उन्होंने देश की सुरक्षा व आतकंवाद को समाप्त करने के साथ ही पड़ोसी देशों को सबक सिखाया उससे सभी देशवासी अपने को गौर्वान्वित महसूस करते थे। उनके अचानक चले जाने से पूरा देश हतप्रभ है। वहीं सहारनपुर से आए पर्यटको ने भी शहीद स्थल पर जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके नाम से ही दुश्मन देश खौफ खाते थे। पाकिस्तान व चीन उनके एक बयान से घबरा जाता था ऐसे महान योद्धा का असमय चला जाना देश की बड़ी क्षति है। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, भगवती प्रसाद कुकरेती, जसबीर कौर, राजीव अग्रवाल, विरेंद्र रावत, संजय टम्टा, पूरण जुयाल, कमल भंडारी, भगवान सिंह धनाई, श्रीपति कंडारी, शूरवीर भंडारी, प्रोमिला पंवार नेगी, विनिता, रूबीना अंजुम, बीना गुनसोला, आदि मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर देव प्रयाग कीर्ति नगर जन कल्याण समिति ने भी शहीद सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि देश व उत्तराखंड ने एक ऐसा वीर सपूत खो दिया जिनकी एक दहाड़ से दुश्मन देश थर्रा जाते थे। उनका असमय चला जाना देश के लिए असहनीय है। उन्होंने देश की तीनों सेनाओं को जोड़ कर आपसी तालमेल बनाया जिससे भारत की ताकत बढ़ी। इस मौके पर देवेंद्र उनियाल, विनोद कंडारी, बिजेंद्र पुंडीर, गौरव कंडारी, कीर्ति कंडारी व सोभन मेहरा आदि मौजूद रहे।