फर्जी दस्तावेजों से चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के मामले में दो गिरफ्तार
1 min read
देहरादून। फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एक महिला को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के मामले में देहरादून पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भतीजे को गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित एसआईटी ने छह नवंबर को मुख्य आरोपी को झांसी और उसके भतीजे को बरेली से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत 44 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, 15 अक्टूबर को यमुना कॉलोनी, चकराता रोड निवासी रेखा आर्य ने कैंट कोतवाली में गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल पूर्व से विवाहित होने के बावजूद उनके साथ विवाह किया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया।
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उनके फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और इनके आधार पर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटा दिया गया। मामले में कैंट कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 158/26 के तहत बीएनएस की धारा 323, 504, 506, 495, 498ए, 420, 467, 471 और 120 तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने एसपी ग्रामीण प्रथम जया बलूनी के पर्यवेक्षण में नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की। जांच के दौरान एसआईटी ने संबंधित ऑडियो क्लिप कब्जे में लेने के साथ ही गवाहों के बयान दर्ज किए। गवाहों के बयानों और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि गिरधारी लाल साहू ने अपने भतीजे सतेंद्र राठौर के साथ मिलकर महिला के फर्जी हस्ताक्षर किए और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।
पुलिस जांच के अनुसार, इन दस्तावेजों के आधार पर महिला को चार कंपनियों से निदेशक पद से हटाकर उनके भतीजे सतेंद्र राठौर को निदेशक बनाया गया था। इनमें देवों के देव महादेव, बनखंडी रुद्राक्ष धाम, श्री अंबे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड और श्री बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। जांच में सतेंद्र राठौर की भूमिका सामने आने के बाद उसका नाम भी मुकदमे में शामिल किया गया।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भेजी गई थीं। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर छह नवंबर को गिरधारी लाल साहू (61) पुत्र रामस्वरूप निवासी श्री बनखंडीनाथ मंदिर, बरेली को झांसी से गिरफ्तार किया गया। वहीं, उसके भतीजे सतेंद्र राठौर (40) पुत्र हरिप्रसाद निवासी जोगी नवादा, बरेली को बरेली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से एसआईटी के माध्यम से पूछताछ कर रही है।
एसआईटी में ये रहे शामिल
एसआईटी की प्रभारी एसपी ग्रामीण जया बलूनी और विवेचक क्षेत्राधिकारी सहसपुर अनुज कुमार रहे। पुलिस टीम में निरीक्षक संतोष कुंवर, उपनिरीक्षक संदीप लोहान, संदीप कुमार, महिला उपनिरीक्षक विनयता चौहान, दीपक गैरोला, धनीराम पुरोहित, प्रवीण पुंडीर, कमलेश गौर, रफत अली सहित एसओजी और विभिन्न थानों के कुल 18 पुलिसकर्मी शामिल रहे।
