July 3, 2026

News India Group

Daily News Of India

वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिलवाल को ‘उफतारा सम्मान’।

1 min read

देहरादून। उत्तराखण्ड फिल्म टेलीविजन एण्ड रेडियो एसोसिएशन (उफतारा) ने वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिलवाल को पत्रकारिता के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोक कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘उफतारा सम्मान’ से सम्मानित किया।
देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सूचना महानिदेशक बंसीधर तिवारी तथा अन्य अतिथियों ने उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया।
सम्मान-पत्र में उल्लेख किया गया कि सुनील सिलवाल ने अपनी लेखनी और पत्रकारिता के माध्यम से उत्तराखण्ड की अनमोल लोक संस्कृति, भाषा और लोक जीवन शैली को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके प्रयासों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को नई पहचान मिली है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुनील सिलवाल ने उफतारा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, लोक कला और कलाकारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी समाज और संस्कृति से जुड़े विषयों पर और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
समारोह में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप भण्डारी, महासचिव कान्ता प्रसाद सहित अनेक फिल्म कलाकार, लोक कलाकार, साहित्यकार, पत्रकार और विभिन्न क्षेत्रों की सम्मानित हस्तियां उपस्थित रहीं। समारोह में उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

You may have missed